7:33 pm Monday , 10 August 2026
BREAKING NEWS

नगर पालिका बदायूं सहित नगर पंचायत कुंवरगांव में वार्ड बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति का आयोजन

बदायूं, 10 अगस्त 2026। नगर पालिका बदायूं सहित नगर पंचायत कुंवरगांव में वार्ड बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य बच्चों के संरक्षण, कल्याण, सुरक्षा और पुनर्वासन के साथ महिलाओं एवं बालिकाओं को शासन की विभिन्न योजनाओं एवं हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी देना रहा।

कार्यक्रम में मिशन वात्सल्य योजना के तहत देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले तथा विधि-विरुद्ध कार्यों में लिप्त बच्चों के संरक्षण और पुनर्वासन को लेकर विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि वार्ड स्तर पर समितियों के माध्यम से बाल संरक्षण से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है।

श्रीमती प्रतीक्षा मिश्रा ने महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के संबंध में जानकारी देते हुए साइबर सुरक्षा तथा वन स्टॉप सेंटर की सुविधाओं के बारे में बताया। उन्होंने 112, 1090, 181, 102, 108 और 1098 जैसी महत्वपूर्ण हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी भी दी।

जिला मिशन समन्वयक छवि वैश्य ने महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी। इनमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, पति की मृत्यु के बाद पुनर्विवाह दंपति पुरस्कार, दहेज पीड़ित महिलाओं को कानूनी एवं आर्थिक सहायता तथा निराश्रित महिला की पुत्री के विवाह हेतु अनुदान जैसी योजनाएं शामिल रहीं।

बाल श्रम और बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता

संरक्षण अधिकारी रवि कुमार ने बाल श्रम एवं भिक्षावृत्ति में लगे 14 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के रेस्क्यू और पुनर्वासन के लिए चलाए जा रहे अभियानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बाल श्रम, बाल विवाह और बच्चों से जुड़ी अन्य समस्याओं की सूचना संबंधित विभाग को दी जा सकती है। बच्चों की सहायता के लिए 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन पर संपर्क करने की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम में बाल विवाह से होने वाले दुष्परिणाम, बाल विवाह निषेध अधिनियम के प्रावधान, मादक पदार्थों से बच्चों को दूर रखने तथा पॉश एक्ट से संबंधित जानकारी भी महिलाओं और बालिकाओं को दी गई।

अधिकारियों ने बताया कि कन्या सुमंगला योजना, बाल सेवा योजना, स्पॉन्सरशिप योजना और निराश्रित महिला पेंशन योजना सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए जागरूकता बढ़ाई जा रही है। योजनाओं की जानकारी कलेक्ट्रेट स्थित जिला प्रोबेशन कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।

बैठक में वार्ड सभासद, नगर पालिका/नगर पंचायत के प्रतिनिधि, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, क्षेत्रीय लेखपाल, एएनएम, आशा कार्यकत्री, सेंटर मैनेजर श्रीमती प्रतीक्षा मिश्रा, डीएमसी एचईडब्ल्यू छवि वैश्य, जेएस एचईडब्ल्यू प्रीती चौहान, सामाजिक कार्यकर्ता भमरपाल सिंह तथा संरक्षण अधिकारी रवि कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस