बदायूं
हॉस्पिटल गईं मां-बेटी, पीछे से घर में घुसे चोर; एक लाख नकद और 7-8 लाख के जेवरात पर हाथ साफ
केशव गुप्ता
बदायूं। शहर के मोहल्ला सोथा खेल निवासी भूरा खान के मकान में शनिवार दोपहर करीब 12 बजे चोरी की घटना से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि घटना के समय भूरा खान अपने काम पर गए हुए थे, जबकि उनकी पत्नी और बेटी इकरा दवा लेने के लिए अस्पताल गई थीं। इसी दौरान चोरों ने घर को निशाना बनाकर नकदी और लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिए।
जानकारी के अनुसार भूरा खान प्राइवेट स्टैंड पर बस का काम करते हैं और शनिवार को वह अपने काम के सिलसिले में दुकान पर गए हुए थे। घर पर उनकी पत्नी और बेटी इकरा मौजूद थीं। दोनों दवा लेने के लिए अस्पताल चली गईं। परिवार के अन्य किसी सदस्य के घर पर मौजूद होने की जानकारी नहीं है। इसी दौरान करीब दोपहर 12 बजे चोर घर में दाखिल हो गए और ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
अस्पताल से दवा लेकर जब भूरा खान की पत्नी और उनकी बेटी इकरा वापस घर पहुंचीं तो मकान के ताले खुले मिले। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर करीब एक लाख रुपये की नकदी और लगभग सात से आठ लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण गायब मिले।
चोरी की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। दिनदहाड़े हुई चोरी की वारदात से मोहल्ले के लोगों में भी चिंता का माहौल है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

