बदायूँ: मकान में घुसे चोर को ग्रामीणों ने पकड़ा, पुलिस को सौंपा।
कोतवाली क्षेत्र के शिवपुरम का मामला, लोहे का सामान चोरी करते पकड़ा गया।
उझानी-बदांयू 8 अगस्त।
कोतवाली क्षेत्र में एक चोर मकान में घुसकर लोहे का सामान चोरी कर रहा था। शोर सुनकर घर के लोगों ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शिवपुरम गली नंबर 2 निवासी विनीत पांडेय पुत्र योगेश पांडेय का मकान निर्माणाधीन है। गुरुवार दोपहर वह अपने घर पर थे। इसी दौरान एक युवक घर के अंदर घुस आया और रखा हुआ लोहे का सामान समेटकर ले जाने लगा।
विनीत ने अपने भतीजे कृष्ण पांडेय के साथ मिलकर चोर को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अखिलेश पुत्र छोटेलाल निवासी बहादुरगंज, थाना उझानी बताया। ग्रामीणों ने आरोपी और चोरी का सामान लेकर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को सौंप दिया।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि विनीत पांडेय की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच उपनिरीक्षक अवधेश कुमार को सौंपी गई है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

