बदायूं: 4 लाख वोल्ट के टावर पर फंदे से लटका मिला युवक।
शटडाउन के इंतजार में 6 घंटे तक नहीं उतर सका शव।
बिसौली कोतवाली क्षेत्र के रानेट गांव का था मृतक, पारिवारिक विवाद बताया कारण
बदायूं 7 अगस्त।
जिले के बिसौली कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक युवक ने 4 लाख वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के टावर पर फंदा लगाकर जान दे दी। हाईटेंशन लाइन में बिजली सप्लाई चालू होने के कारण पुलिस और बिजली विभाग की टीम करीब 6 घंटे तक शव को नीचे नहीं उतार सकी। शटडाउन मिलने के बाद शव को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, गांव फिरोजपुर निवासी अखिलेश गुरुवार दोपहर करीब 3:30 बजे खेतों की ओर जा रहे थे। तभी उनकी नजर बिसौली क्षेत्र से गुजर रही हाईटेंशन टावर पर फंदे से लटके एक व्यक्ति के शव पर पड़ी। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर बिसौली पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि जिस टावर पर यह हादसा हुआ है वह 4 लाख वोल्ट की ट्रांसमिशन लाइन का है। इसकी बिजली सप्लाई संभल जिले के चंदौसी स्थित ट्रांसमिशन केंद्र से संचालित होती है। नियमों के अनुसार शटडाउन वहां की ट्रांसमिशन टीम की मौजूदगी में ही दिया जा सकता था।
घटनास्थल के आसपास खेतों में बारिश का पानी भरा हुआ था। ऐसे में लाइन चालू रहने के दौरान शव उतारना बेहद जोखिम भरा था। सुरक्षा को देखते हुए टीम ने चंदौसी से शटडाउन का इंतजार किया। शटडाउन मिलने के बाद ही शव को नीचे उतारा जा सका।
सीओ बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि मृतक की पहचान रानेट गांव निवासी 40 वर्षीय नन्हें के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि नन्हें शराब पीने के आदी थे। शराब की लत के कारण उन्होंने एक साल के अंदर अपनी कुछ जमीन भी बेच दी थी। इसी बात को लेकर घर में विवाद चल रहा था।
पुलिस की शुरुआती जांच में आत्महत्या की वजह घरेलू कलह सामने आई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
