6:26 pm Wednesday , 5 August 2026
BREAKING NEWS

जिला अस्पताल के पेडिंग वार्ड में मोबाइल चोरी की कोशिश नाकाम, मरीज की पत्नी ने दबोचा युवक

बदांयू 5 अगस्त।

जिला अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। बुधवार दोपहर करीब 1:45 बजे पेडिंग वार्ड में मोबाइल चोरी करने आए युवकों की कोशिश नाकाम हो गई। टीबी के मरीज की पत्नी ने एक युवक को रंगे हाथ पकड़ लिया। शोर मचने पर उसके साथी भाग निकले। सूचना पर पहुंचे सुरक्षा गार्डों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया।

जानकारी के अनुसार बिल्सी थाना क्षेत्र के हरनाथ नगला निवासी अवनीश पिछले आठ दिनों से जिला अस्पताल के पेडिंग वार्ड में भर्ती हैं। उनका टीबी का इलाज चल रहा है। इस दौरान उनकी पत्नी हेमलता उनकी देखभाल के लिए वार्ड में मौजूद थीं।

इसी दौरान कुछ युवक चोरी की नीयत से वार्ड में दाखिल हुए। हेमलता की नजर एक युवक पर पड़ी जो मोबाइल चुरा रहा था। उन्होंने तुरंत उसे पकड़ लिया और शोर मचा दिया। शोर सुनकर युवक के अन्य साथी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में तैनात पूर्व सैनिक सुरक्षा गार्ड मौके पर पहुंचे। उन्होंने पकड़े गए युवक को अपने कब्जे में लेकर सदर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

फरार साथियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपी की पहचान शहर के मोहल्ला जालंधरी सराय निवासी युवक के रूप में हुई है। उससे पूछताछ कर फरार साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
जिला अस्पताल में मोबाइल और अन्य सामान चोरी की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। ताजा घटना के बाद मरीजों और उनके तीमारदारों में रोष है। उन्होंने अस्पताल प्रशासन से वार्डों में सीसीटीवी और सुरक्षा कर्मियों की संख्या बढ़ाने तथा चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है।

विज्ञापन एक्सप्रेस