

बदायूं: राजकीय मेडिकल कॉलेज के कॉलेज ऑफ नर्सिंग में ‘नशा मुक्त भारत अभियान 2026’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
बदायूं, 3 अगस्त। नशा मुक्त भारत अभियान 2026 के अंतर्गत राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूं के कॉलेज ऑफ नर्सिंग में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन सहायक प्रोफेसर सुश्री सुमन जायसवाल के निर्देशन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज ऑफ नर्सिंग के प्राचार्य प्रो. डॉ. श्रीनिवासन गांधी के प्रेरणादायी संबोधन से हुआ। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
इसके बाद सामुदायिक स्वास्थ्य विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. अर्शिया मसूद सिद्दीकी ने नशा मुक्त भारत अभियान के महत्व तथा नशे के सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं ऑर्थोपेडिक विभागाध्यक्ष डॉ. रितुज अग्रवाल ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत छात्रों द्वारा प्रस्तुत रोल प्ले (नुक्कड़ नाटक) से हुई। विद्यार्थियों ने हाथों में नशा विरोधी संदेशों वाली तख्तियां लेकर नशे के दुष्प्रभावों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। इसके बाद नशे के दुष्परिणामों पर आधारित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मकता और जागरूकता का परिचय दिया।
कार्यक्रम में लगभग 200 छात्र-छात्राओं तथा 30 संकाय सदस्यों ने सहभागिता की। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन को नशे से होने वाले स्वास्थ्य, सामाजिक और मानसिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजन का सकारात्मक प्रभाव न केवल विद्यार्थियों बल्कि उपस्थित मरीजों एवं अन्य लोगों पर भी पड़ा। अंत में सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
