बदायूं
पुलिस परिवारों के स्वास्थ्य की चिंता: रिजर्व पुलिस लाइन में लगा निःशुल्क मेडिकल कैंप, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने किया स्वास्थ्य परीक्षण
केशव गुप्ता
बदायूँ, 02 अगस्त। पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन बदायूँ में निःशुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। यह स्वास्थ्य शिविर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ एवं वामा सारथी पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन की अध्यक्षा सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में आयोजित किया गया।
मेडिकल कैंप में जिला पुरुष चिकित्सालय एवं जिला महिला चिकित्सालय बदायूँ के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने पुलिस परिवारों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श, जांच और उपचार सेवाएं प्रदान कीं। शिविर में चिकित्सक डा. अजीत सिंह गंगवार तथा वार्ड बॉय केशव राम ने बच्चों एवं महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की। इस दौरान विभिन्न बीमारियों के संबंध में चिकित्सीय परामर्श देने के साथ आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण भी किया गया।
स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिजन पहुंचे और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन इन्द्रजीत सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने कहा कि बदायूँ पुलिस अपने पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारों के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं कल्याण के प्रति निरंतर प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
