बदायूं, 31 जुलाई। बदायूं विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देते हुए शहर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने करीब 75 लाख रुपये की लागत से निर्मित विभिन्न सड़कों का लोकार्पण किया। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने वर्षों पुरानी सड़क समस्या के समाधान पर खुशी जताते हुए विधायक का स्वागत किया।
विधायक महेश गुप्ता ने ग्राम बरी समसपुर से खासपुर बाया गौटिया तक मंडी परिषद द्वारा लगभग 57 लाख रुपये की लागत से निर्मित 1.67 किलोमीटर लंबी सड़क का उद्घाटन किया। इसके अलावा ग्राम रोटा में विधायक निधि से करीब 8 लाख रुपये की लागत से बनी सीसी रोड तथा ग्राम बनई में ग्राम निधि से लगभग 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित विभिन्न सीसी सड़कों का भी लोकार्पण किया।
बताया गया कि ये सड़कें लंबे समय से जर्जर थीं। बरसात के मौसम में जलभराव के कारण ग्रामीणों, किसानों, स्कूली बच्चों और व्यापारियों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। क्षेत्रवासियों की मांग पर विधायक ने प्राथमिकता के आधार पर इन सड़कों के निर्माण को स्वीकृति दिलाई और अब इनके लोकार्पण से लोगों को बड़ी राहत मिली है।
इस अवसर पर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। सरकार गांव-गांव तक सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आधारभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के संकल्प के साथ सरकार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
लोकार्पण कार्यक्रम में ग्रामीणों ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों से चली आ रही सड़क की समस्या का स्थायी समाधान हो गया है, जिससे अब आवागमन आसान होने के साथ क्षेत्र के विकास को भी नई दिशा मिलेगी।
इस अवसर पर प्रधान अनुज सिंह, मंडल अध्यक्ष सनोज सिंह, राघव सिंह चौहान, नौरंग पाल, पूर्व जिला उपाध्यक्ष सोबरन सिंह राजपूत, दीपिन वार्ष्णेय, धीरेंद्र राजपूत, सोनपाल राजपूत, मुन्नालाल वर्मा, प्रधान जमशेद, मुनेंद्र सिंह, शिव सिंह राजपूत, चन्द्रपाल वर्मा, मुंशीलाल राजपूत, सुरजीत शाक्य, प्रधान सगीर, सालिम कोटेदार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।


badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
