11:33 am Friday , 31 July 2026
BREAKING NEWS

रामा हॉस्पिटल विवाद में दोनों पक्षों पर मुकदमा दर्ज, पुलिस जांच में जुटी

बदायूं। थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के इन्द्रा चौक स्थित रामा हॉस्पिटल में मरीज की मौत के बाद हुए विवाद और मारपीट के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना जारी है।

पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई 2026 को ग्राम उपरैला, थाना अलापुर निवासी राजवीर (32 वर्ष) सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। उन्हें 19 जुलाई को इन्द्रा चौक स्थित रामा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन ने ऑपरेशन के नाम पर पहले 1.60 लाख रुपये और बाद में 5 लाख रुपये जमा कराए। 28 जुलाई को राजवीर को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। घर पहुंचने के बाद उनकी मृत्यु हो गई।

मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल के डॉक्टरों की इलाज में लापरवाही के कारण राजवीर की मौत हुई। इसी को लेकर 29 जुलाई की देर रात परिजनों ने इन्द्रा चौक पर शव रखकर प्रदर्शन किया। इस दौरान अस्पताल के डॉक्टरों और परिजनों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई।

पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान मृतक के परिजन रामा हॉस्पिटल के मुख्य द्वार पर शव रखकर विरोध कर रहे थे। इसी दौरान अस्पताल कर्मियों और परिजनों के बीच पथराव व मारपीट की घटना हुई, जिससे मार्ग भी अवरुद्ध हो गया।

थाना सिविल लाइंस पुलिस ने इस मामले में मु0अ0सं0 0279/26 के तहत धारा 191(2), 125, 115(2), 352 एवं 285 बीएनएस में मृतक के परिजन प्रेमचंद सहित चार नामजद तथा अस्पताल कर्मी इमरान, नौमान खान एवं 6-7 अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया है।

पुलिस ने मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की अग्रिम विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है।

विज्ञापन एक्सप्रेस