बदायूं में इंदिरा चौक के एक निजी अस्पताल में मरीज की मौत के बाद हंगामा।
बदांयू 30 जुलाई।
बुधवार रात करीब 9 बजे परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर अस्पताल के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया।आरोप है कि अलापुर के उपरैला गांव के राजवीर का 14 दिन पहले सिकंदराबाद में सड़क हादसा हुआ था। पहले वहां इलाज हुआ, फिर हालत बिगड़ने पर बदायूं के इस अस्पताल में भर्ती किया गया।
परिजनों का कहना है अस्पताल ने ऑपरेशन के लिए 1.60 लाख लिए और रोज 25 हजार का चार्ज बताया। बुधवार शाम डॉक्टर ने घर ले जाने को कहा, उसी दौरान राजवीर की मौत हो गई। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि सिर में कीड़े पड़ गए थे।
मौत के बाद परिजन शव को मुख्य गेट पर रखकर बैठ गए। इसी बीच अस्पताल की छत से भीड़ पर ईंट-पत्थर फेंके जाने का वीडियो सामने आया।
अस्पताल स्टाफ ने मुख्य गेट अंदर से बंद कर लिया।
सीओ सिटी राहुल पांडेय समेत तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेने की कोशिश परिजनों से नोकझोंक भी हुई। देर रात तक तनाव बना रहा।
सीओ का कहना है दोनों पक्षों से बात हो रही है, अभी किसी की तरफ से लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर और जांच के बाद कार्रवाई होगी।
खबर लिखे जाने तक अस्पताल संचालक डॉ. बीआर गुप्ता से संपर्क नहीं हो पाया और प्रबंधन की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
