यू.पी.सी.ए. चैंपियन ट्रॉफी के लिए बदायूं के अरुण कुमार का चयन, शानदार बल्लेबाजी से जीता चयनकर्ताओं का दिल
बदायूं। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यू.पी.सी.ए.) द्वारा आयोजित अंडर-19 सत्र 2026 की चैंपियन ट्रॉफी के लिए बदायूं के युवा बल्लेबाज अरुण कुमार का चयन किया गया है। अरुण ने सुपर इंटर जोन लीग में लखनऊ जोन की बी टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अपने शानदार प्रदर्शन से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया।
अरुण कुमार ने बुलंदशहर के खिलाफ पहले मैच में 56 रन तथा इलाहाबाद के विरुद्ध दूसरे मैच में 65 रनों की बेहतरीन पारी खेली। तीसरे मुकाबले में मेरठ के खिलाफ उन्हें खेलने का अवसर नहीं मिला, लेकिन शुरुआती दोनों मैचों में उनकी बल्लेबाजी ने चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया। चयनकर्ताओं ने स्वयं उन्हें बुलाकर परिचय प्राप्त किया और उनकी बल्लेबाजी की सराहना की।
बदायूं क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव संतोष बाबू शर्मा ने बताया कि गत माह ग्रेटर नोएडा में आयोजित यू.पी.सी.ए. प्रतियोगिता में अरुण ने लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन किया। अरुण कुमार मूल रूप से भरतपुर गांव, जनपद बदायूं के निवासी हैं।
उन्होंने बताया कि 30 जुलाई को शाम 6:30 बजे नालंदा लिविंग होटल में रिपोर्ट करने के बाद अरुण चैंपियन ट्रॉफी में शामिल चार टीमों के बीच होने वाले मुकाबलों में हिस्सा लेंगे।
यू.पी.सी.ए. के सीनियर चेयरपर्सन एवं बरेली जोन के सचिव कर्नल सीताराम ने उनके चयन की सूचना देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। वहीं बदायूं क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक सक्सेना ने युवा क्रिकेटर को बधाई देते हुए कहा कि यह जिले के लिए गर्व का विषय है।
इस अवसर पर ओ.पी. कोहली, अमरीश गोयल, रविंद्र मोहन, राहुल चौबे, रूपेंद्र लांबा, खुशनवी, अनिल गुप्ता, फिरोज खान, अखिलेश पांडे एवं अंकुर रस्तोगी सहित कई खेल प्रेमियों ने अरुण कुमार को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
