************
राजकीय महाविद्यालय, आवास विकास, बदायूं में आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ के द्वारा सत्र 2026-27 में साहित्य एवम मानविकी से स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश लेने वाले छात्र छात्राओं हेतु विद्यारंभ कार्यक्रम सह परिचय सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ श्रद्धा गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
प्राचार्या ने कहा कि मानविकी और समाजिक विज्ञान का अध्ययन क्षेत्र समाजिक समस्याओं का अध्ययन कर शोध के माध्यम से मानव संसाधन को सशक्त कर समाज को उन्नति के शिखर पर ले जाना है।
आइक्यूएसी संयोजक एवं परीक्षा प्रभारी डॉ अनिल कुमार ने नव प्रवेशित छात्र छात्राओं को इस कार्यक्रम के उद्देश्य से परिचित कराया।
उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अंतर्गत परिवर्तित परीक्षा प्रणाली से अवगत कराया तथा स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना का लाभ लेने के लिए जागरूक किया।
डॉ राजधन ने पुस्तकालय, डिजिटल लाइब्रेरी व वाचनालय तथा छात्र-छात्रा के शिकायत निवारण हेतु महाविद्यालय द्वारा गठित प्रकोष्ठ के विषय में विस्तार से बताया। उन्होंने शासन की छात्रवृत्ति योजना तथा आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी। शारीरिक शिक्षा एवम क्रीड़ा प्रभारी डॉ जुनैद आलम ने खेल सुविधाओं, जिम, योगा कक्षाओं व क्रीड़ा प्रतियोगिताओं के बारे में विस्तार से बताया। डॉ बबीता यादव ने अनुशासन का पाठ पढ़ाते हुए एंटी रैगिंग व छात्राओं की सुरक्षा के लिए कॉलेज द्धारा की गई व्यवस्था से अवगत कराया।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए डॉ राकेश कुमार जायसवाल ने राष्ट्रीय सेवा योजना, वार्षिक सांस्कृतिक प्रतियोगिता, युवा महोत्सव, वार्षिकोत्सव व प्रतिभा अलंकरण समारोह आदि के विषय में जानकारी प्रदान करते हुए आन्तरिक परिवाद समिति के उद्देश्य और महत्व को उद्घाटित किया। डॉ दिनेश कुमार ने महाविद्यालय में स्थापित जनपद की एक मात्र इग्नू अध्ययन केन्द्र एवं राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय की दूरस्थ शिक्षा की सुविधा एवम उसके पाठ्यक्रमों से होने वाले लाभ से परिचित कराया।
डॉ सारिका शर्मा ने महिला प्रकोष्ठ , मिशन शक्ति मिशन एवं आंतरिक परिवाद समिति की जानकारी दी। डॉ गौरव कुमार सिंह ने रोवर्स- रेंजर्स के चयन की प्रक्रिया और शिविर के बारे में भी बताया।
इस अवसर पर डॉ दिनेश सिंह, डॉ सचिन राघव, वीर बहादुर आदि उपस्थित थे।




badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
