बिल्सी। महाराणा प्रताप राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शुक्रवार को बीए प्रथम वर्ष के नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पंकज कुमार सिंह ने की। उन्होंने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी।
प्राचार्य ने विद्यार्थियों से अनुशासन, नियमित अध्ययन और समय का सदुपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में छात्रवृत्ति, डिजिटल लाइब्रेरी, वोकेशनल कोर्स, स्किल डेवलपमेंट कोर्स सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिनका लाभ उठाकर छात्र अपने भविष्य को बेहतर बना सकते हैं। साथ ही मिड टर्म परीक्षा, मुख्य परीक्षा, आंतरिक मूल्यांकन तथा शैक्षणिक कैलेंडर की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को इंटरनेट आधारित डेलनेट लाइब्रेरी की उपयोगिता से भी अवगत कराया गया। उन्हें बताया गया कि ऑनलाइन माध्यम से पुस्तकों की खोज, संदर्भ सामग्री और शोध संबंधी संसाधनों का उपयोग किस प्रकार किया जा सकता है। ऑनलाइन लाइब्रेरी और डिजिटल संसाधनों के संचालन की विस्तृत जानकारी विशाल मैहर ने विद्यार्थियों को दी। उन्होने कहा कि उच्च शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास और रोजगारपरक कौशल विकसित करने का भी महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों से महाविद्यालय की सभी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। इस अवसर पर शाहबुद्दीन अली खान, अब्दुल रईस खान, सुभाष बाबू, प्रदीप कुमार, सूरज पाल सहित महाविद्यालय का स्टाफ एवं बड़ी संख्या में नवप्रवेशी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
