गुरु पूर्णिमा पर गुरुभक्ति में डूबा बिल्सी, आश्रमों और दरबारों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
बिल्सी। आषाढ़ पूर्णिमा के अवसर पर बिल्सी तहसील क्षेत्र और नगर में गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। विभिन्न आश्रमों, मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं ने गुरुजनों की पूजा-अर्चना कर उनका माल्यार्पण किया तथा आशीर्वाद प्राप्त किया।
तहसील क्षेत्र के गांव बांस बरौलिया स्थित ऋषि आश्रम में विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ। दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने महंत वेदव्यास शर्मा का पूजन किया। कार्यक्रम के समापन पर भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें गुरुजनों को भोजन कराने के साथ श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
नगर के मोहल्ला संख्या छह गोशाला रोड स्थित संकट मोचन श्री बालाजी दरबार में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व सांसद डॉ. संघमित्रा मौर्य और पूर्व पालिकाध्यक्षा सुषमा मौर्य ने भाग लिया। दोनों ने राजेश चंद्र जाजू गुरुजी का सम्मान कर उनका आशीर्वाद लिया। मोहल्ला नंबर पांच स्थित श्री बालाजी दरबार में भी मंहत मटरुमल शर्मा महाराज को पूर्व चेयरमेन ओमप्रकाश सागर समेत श्रद्धालुओं ने गुरु दक्षिणा अर्पित की। वहीं मोहल्ला संख्या चार स्थित श्री संकट मोचन दरबार में पंडित संजय शर्मा का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। दोपहर चार बजे आयोजित विशेष कार्यक्रम सहित दिनभर चले धार्मिक आयोजनों से पूरा क्षेत्र गुरुभक्ति के रंग में सराबोर रहा। इधर भाजपा नेता विवेक राठी समेत कई लोगों ने ग्राम वैन स्थित मंदिर पर जाकर महात्माओं का सम्मान कर आशीर्वाद लिया।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
