12:32 pm Monday , 27 July 2026
BREAKING NEWS

देर रात तक गूंजे बाबा के भजन, आरती के बाद बांटा प्रसाद

एकादशी पर खाटू श्याम संकीर्तन में भक्तिरस में डूबे श्रद्धालु

बिल्सी। नगर के मोहल्ला संख्या एक स्थित पटवा कॉलोनी के श्री श्याम भवन में शनिवार की रात एकादशी के पावन अवसर पर खाटू श्याम बाबा के भक्तों द्वारा भव्य संकीर्तन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर बाबा के चरणों में अपनी आस्था अर्पित की। संकीर्तन से पूर्व खाटू श्याम बाबा का अलौकिक श्रृंगार किया गया और भव्य दरबार सजाया गया। गद्दी संचालक शुभम माहेश्वरी ने भोग अर्पित करने के साथ बाबा की अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित की। इसके बाद श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ गुरु वंदना से हुआ। इसके उपरांत भगवान गणेश, श्री हनुमान जी तथा राधा रानी की वंदना प्रस्तुत की गई। देर रात तक चले संकीर्तन में भजन गायकों ने बाबा के एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत किए, जिन पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए। पूरा वातावरण श्याममय हो गया। देर रात बाबा की आरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। आयोजन में नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में भक्त उपस्थित रहे। उधर, नगर की सब्जी मंडी के सामने श्याम भवन एवं तहसील क्षेत्र के गांव बेहटा गुंसाई श्याम बाबा के मंदिर पर भी श्रद्धालुओं द्वारा खाटू श्याम बाबा का संकीर्तन आयोजित किया गया। यहां भी भक्तों ने भजनों का आनंद लिया और आरती के बाद प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

विज्ञापन एक्सप्रेस