बिल्सी। बदायूं रोड स्थित फ्यूचर लीडर्स स्कूलमें 27वाँ कारगिल विजय दिवस श्रद्धा एवं देशभक्ति के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कारगिल युद्ध में शहीद हुए वीर सैनिकों को पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि देने के साथ हुआ।
इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने कारगिल विजय दिवस के महत्व पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने अपने विचारों में कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों ने राष्ट्र की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देकर साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रप्रेम की अद्वितीय मिसाल कायम की है। उन्होंने देश के वीर जवानों के आदर्शों पर चलने तथा राष्ट्रसेवा के प्रति सदैव समर्पित रहने का संकल्प भी लिया।





विद्यालय के निदेशक वी. पी. सिंह ने विद्यार्थियों को भारतीय सेना के शौर्य, वीरता और अदम्य साहस से परिचित कराते हुए बताया कि वर्ष 1999 में भारतीय सैनिकों ने अद्वितीय पराक्रम का परिचय देते हुए कारगिल की दुर्गम पर्वतीय चौकियों पर पुनः तिरंगा फहराया था। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस उन अमर वीरों के बलिदान को स्मरण करने और उनसे प्रेरणा लेने का अवसर है, जिन्होंने राष्ट्र की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक *राहुल कुमार सिंह* ने विद्यार्थियों के साथ भारतीय सेना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं तथा देशभक्ति और अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं प्रधानाचार्य *रविन्द्र सिंह* ने विद्यार्थियों को भविष्य में भारतीय सेना सहित राष्ट्रसेवा के विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के समस्त शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने शहीदों को पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनके आदर्शों का अनुसरण करने का संकल्प लिया।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
