बिल्सी। स्कूल की छुट्टी के बाद घर लौट रहे एक मासूम छात्र को स्कूल वैन ने टक्कर मार दी। हादसे में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसकी साइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घायल छात्र का एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, गांव दिधौनी निवासी सलमान (पुत्र इकबाल), जो कक्षा तीन का छात्र है, बिसौली रोड स्थित एक स्कूल से छुट्टी के बाद साइकिल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही एक स्कूल वैन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि छात्र साइकिल समेत सड़क किनारे खेत में जा गिरा।
हादसे में छात्र के दाएं हाथ में गंभीर चोट आई, जबकि उसकी साइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर परिजन पहुंचे और घायल छात्र को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
क्षेत्राधिकारी आलोक सिद्धू ने बताया कि स्कूल वैन की टक्कर से छात्र के घायल होने की सूचना मिली है। मामले की जांच कराई जा रही है। यदि परिजनों की ओर से तहरीर दी जाती है, तो जांच के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
