6:37 pm Friday , 31 July 2026
BREAKING NEWS

बिल्सी में एक्सपायरी का काला कारोबार बेनकाब

7 हजार किलो सड़ा-गला सामान जब्त, रात के अंधेरे में होता था गोदाम में जमावड़ा।

बिल्सी बदांयू 31 जुलाई।

रात के सन्नाटे में एक्सपायरी माल का खेल चल रहा था, और दिन में वही सामान आपकी थाली तक पहुंच सकता था। उपजिलाधिकारी राजेश कुमार सिंह और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने गुरुवार को इस रैकेट पर तगड़ा वार किया।

सील पड़े एक गोदाम को खुलवाकर जब अधिकारियों ने अंदर झांका तो होश उड़ गए। करीब 7 हजार किलो एक्सपायरी खाद्य सामग्री वहां भरी पड़ी थी। टीम ने मौके से अलग-अलग खाद्य पदार्थों के 6 नमूने भी संग्रहित किए हैं, जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा जाएगा।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक पिछले कई दिनों से इस गोदाम में रात के समय एक्सपायरी सामान इकट्ठा किया जा रहा था। आशंका है कि इसे दोबारा पैक कर बाजार में खपाने की तैयारी थी।

एसडीएम राजेश कुमार सिंह ने बताया कि खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल गोदाम को फिर से सील कर दिया गया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।

विज्ञापन एक्सप्रेस