11:40 am Tuesday , 4 August 2026
BREAKING NEWS

कुंवर गांव – 20 दिन में दूसरी बार नलकूपों पर चोरों का धावा

20 दिन में दूसरी बार नलकूपों पर चोरों का धावा, खुलासा नहीं होने से पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल

कुंवर गांव संवाददाता

कुंवरगांव बदांयू । जिले के थाना सिविल लाइन, वजीरगंज और कुंवरगांव थाना क्षेत्रों की सीमा पर स्थित गांव बरातेगदार, सिलहरी और वनगवां के जंगल में अज्ञात चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार रात चोरों ने एक राजकीय नलकूप सहित करीब आधा दर्जन किसानों के निजी नलकूपों को निशाना बनाते हुए बिजली के स्टार्टर, केबिल, पानी के पाइप और अन्य कीमती उपकरण चोरी कर लिए। घटना से किसानों को हजारों रुपये का नुकसान हुआ। सोमवार सुबह किसान खेतों पर पहुंचे तो नलकूपों के ताले टूटे मिले और सामान गायब था। सूचना पर डायल-112 पुलिस पहुंची और निरीक्षण कर संबंधित थाना पुलिस को मामले से अवगत कराया।
ग्रामीणों के अनुसार बरातेगदार गांव के कुछ नलकूप थाना सिविल लाइन क्षेत्र में, जबकि कुछ वजीरगंज और कुंवरगांव थाना क्षेत्रों की सीमा में स्थित हैं। सीमा क्षेत्र होने का फायदा उठाकर चोरों ने एक ही रात में कई नलकूपों को निशाना बनाया। चोरों ने ताले तोड़कर और नलकूपों में नकब लगाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
पीड़ित किसानों में विपिन पटेल, कुमरेश सिंह निवासी बरातेगदार, अमन पटेल, प्रेमपाल सिंह और किशन सिंह निवासी सिलहरी सहित अन्य किसान शामिल हैं। इसके अलावा एक राजकीय नलकूप से भी हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले 20 जुलाई को भी बरातेगदार निवासी पवन पटेल, गौरव पाल, गौरी पिट्ट, अभिषेक तिवारी, प्रमोद शर्मा, सूरज पाल, गजेन्द्र सिंह, अशोक चंद सिंह, विपिन पटेल, बदपाल मास्टर, देशपाल सिंह, विश्वजीत सिंह, नरेन्द्र सिंह, सम्राट पटेल और रमाकांत शर्मा के नलकूपों में चोरी हुई थी। किसानों का आरोप है कि पहली घटना का अब तक न तो खुलासा हुआ और न ही चोरी गया सामान बरामद किया जा सका। उनका कहना है कि यदि उस समय प्रभावी कार्रवाई की जाती, तो चोरों के हौसले इतने बुलंद नहीं होते।
लगातार दूसरी बार हुई चोरी के बाद किसानों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि सीमा क्षेत्र में सक्रिय चोर गिरोह बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहा है, जबकि पुलिस अब तक कोई ठोस सफलता हासिल नहीं कर सकी है। इससे किसानों में दहशत के साथ-साथ आक्रोश भी बढ़ता जा रहा है।
किसानों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने, सक्रिय चोरी गिरोह का जल्द खुलासा करने, चोरी गए सामान की बरामदगी कराने तथा आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

विज्ञापन एक्सप्रेस