सावन के पहले सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, पुलिस के साथ नागरिक सुरक्षा कोर के स्वयंसेवकों ने संभाला मोर्चा
बदायूं। सावन माह के पहले सोमवार को जनपद बदायूं शिवभक्ति में सराबोर नजर आया। सुबह से ही शिवालयों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। कछला गंगा घाट से पवित्र गंगाजल लेकर पहुंचे कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं ने विभिन्न मंदिरों में भगवान शिव का जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और दुग्धाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए। पुलिस बल के साथ नागरिक सुरक्षा कोर के स्वयंसेवकों ने भी मोर्चा संभाला। स्वयंसेवकों की ड्यूटी लालपुल, बिरुआ बाड़ी मंदिर, सहस्त्रधाम गौरीशंकर मंदिर और लाला हरप्रसाद मंदिर सहित प्रमुख स्थानों पर लगाई गई, जहां उन्होंने श्रद्धालुओं की सहायता करने के साथ सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई।
कांवड़ यात्रा के दौरान जहां-जहां जाम की स्थिति बनी, वहां भी नागरिक सुरक्षा कोर के स्वयंसेवकों ने पुलिस के साथ मिलकर यातायात सुचारु कराया और श्रद्धालुओं को सुरक्षित आवागमन में सहयोग दिया।
सोमवार को पूरे दिन मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को भांग, धतूरा, बेलपत्र एवं अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना की।
शहर के प्रमुख शिवालयों बिरुआ बाड़ी मंदिर, लाला हरप्रसाद मंदिर, सहस्त्रधाम गौरीशंकर मंदिर सहित अन्य मंदिरों में सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मंदिरों को फूल-मालाओं और रंग-बिरंगी रोशनी से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्वक कतारबद्ध होकर दर्शन एवं जलाभिषेक किया, जिससे पूरे शहर का वातावरण भक्तिमय बना रहा।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
