बदायूं: अखिल समाज सेवा दल ट्रस्ट व ममता सेवी संस्था की संयुक्त बैठक संपन्न, नशा मुक्ति व महिला सशक्तिकरण पर लिया संकल्प
बदायूं। अखिल समाज सेवा दल ट्रस्ट की उत्तर प्रदेश इकाई एवं ममता सेवी संस्था के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को बदायूं स्थित वैभव लॉन में कार्यकर्ताओं का विशेष परिचय सम्मेलन तथा राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सामाजिक सेवा, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और नशा मुक्ति अभियान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अनंत कुमार गुप्ता (रीवा, मध्य प्रदेश) ने संगठन को सेवा कार्यों में और अधिक सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। वहीं राष्ट्रीय मुख्य सलाहकार डॉ. यशवंत भंडारी (झाबुआ, मध्य प्रदेश) एवं राष्ट्रीय मुख्य मार्गदर्शक डॉ. ममता नौगरिया ने संगठन के उद्देश्यों और सामाजिक दायित्वों पर अपने विचार व्यक्त किए। डॉ. ममता नौगरिया ने ममता सेवी संस्था की वार्षिक बैठक के दौरान सभी पदाधिकारियों को संस्था की आईडी पहनाकर सम्मानित किया।
बैठक में संस्थापक एवं अध्यक्ष वर्षा नायक का संदेश पढ़कर सुनाया गया। उन्होंने कहा कि “हम सब मातृशक्ति मिलकर राष्ट्रहित में बड़े सेवा कार्य कर सकते हैं।”
इस अवसर पर प्रोफेसर सरला चक्रवर्ती (राष्ट्रीय उपाध्यक्ष), डॉ. शुभ्रा महेश्वरी (राष्ट्रीय सलाहकार), दीप्ति गुप्ता (उत्तर प्रदेश प्रभारी), डॉ. निशी अवस्थी (उत्तर प्रदेश महासचिव), प्रेमलता गुप्ता (वरिष्ठ उपाध्यक्ष), मधु अग्रवाल (मुख्य सलाहकार) सहित डॉ. प्रतिभा गुप्ता, डॉ. प्रतिभा मिश्रा, डॉ. इंदु शर्मा, डॉ. उमा सिंह, महिष सिंह, सुमन लता, नेहा गुप्ता एवं संगीता महेश्वरी सहित अनेक समाजसेवियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
बैठक में राष्ट्रीय महासचिव विनोद कुमार नायक के सहयोग एवं मार्गदर्शन की भी सराहना की गई। महिला पदाधिकारियों ने कहा कि उनके निरंतर सहयोग से संगठन की गतिविधियों को मजबूती मिल रही है।
बैठक में केंद्र सरकार के नशा मुक्ति अभियान पर विशेष चर्चा हुई। सभी महिला पदाधिकारियों ने अपने-अपने गांवों में जाकर महिलाओं को जागरूक करने, परिवारों को नशामुक्त बनाने तथा आवश्यकता पड़ने पर लोगों को सरकारी अस्पताल एवं नशा मुक्ति केंद्र तक पहुंचाने में सहयोग करने का संकल्प लिया।
इसके साथ ही सुकन्या समृद्धि योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई। खातों के संचालन एवं आवेदन संबंधी समस्याओं के समाधान पर चर्चा करते हुए आवश्यक संशोधित प्रपत्र दोबारा भरवाने का निर्णय लिया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी पदाधिकारियों ने महिला सशक्तिकरण, शिक्षा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया तथा संस्थापक श्रीमती वर्षा नायक एवं राष्ट्रीय महासचिव श्री विनोद कुमार नायक के प्रति आभार व्यक्त किया।



badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
