2:16 pm Wednesday , 5 August 2026
BREAKING NEWS

फुहारें नहीं डिगा पाईं आस्था: बरसात में भी कांवड़ लेकर बढ़ते रहे शिवभक्त

बदांयू 5 अगस्त।

सावन की बरसात और फिसलन भरे रास्ते भी भोले के दीवानों का हौसला नहीं तोड़ पाए। बदायूं के कछला गंगा घाट पर मंगलवार बारिश की फुहारें के बावजूद आस्था का सैलाब देखने को मिला। लहरा घाट ( सोरों ) के मार्ग पर गंगा का पानी आ जाने से अधिकांश टोलियां अब कछला घाट से ही पवित्र जल भर रही हैं।

दिन का सबसे बड़ा आकर्षण बना भरतपुर के जोतरौली गांव से आए 19 कांवड़ियों का जत्था। इस टोली ने 501 लीटर गंगाजल से भरा विशाल कलश कांवड़ कंधे पर उठाया और हर हर महादेव के जयकारों से पूरे क्षेत्र को गूंजा दिया।

टोली के प्रमुख अमन चौधरी और श्रीकांत ने बताया कि इस जत्थे में सोनू, अशोक, प्रदीप, ओमकांत, संग्राम, पिंटू, मुरारी, जगजीत, जयकेश, भागेश, सोनवीर, प्रवीण सहित कुल 19 शिवभक्त शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि सभी कांवड़िए बरसात के बीच लगातार पैदल चलकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं और 10 अगस्त को भरतपुर स्थित अपने गांव के प्राचीन शिव मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे।

कछला घाट पर बरसात के चलते सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल, बैरिकेडिंग और मेडिकल कैंप लगाए गए हैं।

भीगे कपड़ों और कीचड़ भरे रास्तों के बावजूद कांवड़ियों की टोलियां लगातार आगे बढ़ रही हैं। बरसात की बाधा के बीच भी कांवड़ मेले की रौनक और भक्तों की आस्था देखते ही बन रही है।

विज्ञापन एक्सप्रेस