8:12 pm Tuesday , 4 August 2026
BREAKING NEWS

जनपद के स्कूलों में पहुंचेगी निशुल्क विज्ञान बस, 10 अगस्त तक करें आवेदन

बदायूं। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, उत्तर प्रदेश द्वारा प्रदेश के विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच एवं प्रयोगात्मक शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आईआईटी कानपुर के माध्यम से संचालित निशुल्क विज्ञान बस सेवा उपलब्ध कराई जा रही है। इस बस को जिला विज्ञान क्लब, बदायूं के माध्यम से जनपद के किसी भी शिक्षण संस्थान में कम से कम 24 घंटे के लिए निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।

विज्ञान बस में सीबीएसई, आईसीएसई, आईएससी एवं यूपी बोर्ड के पाठ्यक्रम पर आधारित लगभग 300 लघु वैज्ञानिक फिल्में उपलब्ध हैं। इसके साथ ही कक्षा 12 तक के भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, गणित एवं खगोल विज्ञान से जुड़े अनेक हैंड्स-ऑन प्रयोग भी शामिल किए गए हैं।

बस में 3डी प्रिंटर, ऑप्टिकल बेंच, माइक्रोस्कोप, टेलीस्कोप तथा 75 इंच की एलईडी स्क्रीन जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। विद्यार्थी न केवल वैज्ञानिक प्रयोगों को समझ सकेंगे, बल्कि 3डी प्रिंटर की कार्यप्रणाली, सूक्ष्म संरचनाओं का अध्ययन और टेलीस्कोप के माध्यम से रात्रि आकाश का अवलोकन भी कर सकेंगे।

विज्ञान बस के साथ तीन वैज्ञानिक एवं दो तकनीकी कर्मचारी भी मौजूद रहेंगे, जो विद्यार्थियों को प्रयोगों की जानकारी देंगे। बस को आमंत्रित करने वाले शिक्षण संस्थान को बस की सुरक्षित पार्किंग, पांच सदस्यीय स्टाफ के ठहरने एवं भोजन तथा विद्युत व्यवस्था उपलब्ध करानी होगी।

जिला विज्ञान क्लब, बदायूं ने जनपद के सभी शिक्षण संस्थानों से अपील की है कि यदि वे अपने विद्यार्थियों को विज्ञान की प्रयोगात्मक एवं आधुनिक शिक्षा से जोड़ना चाहते हैं, तो 10 अगस्त से पहले अपना मांग पत्र समन्वयक/सचिव/अध्यक्ष, जिला विज्ञान क्लब, बदायूं के नाम प्रस्तुत करें।

विज्ञापन एक्सप्रेस