छह महीने से जलभराव में डूबा मोहल्ला नंबर 5, गंदे पानी से स्कूली बच्चों का निकलना मुश्किल
बिल्सी। कस्बे के मोहल्ला नंबर 5 स्थित होली चौक से प्रजापति कॉलोनी तक पिछले छह महीनों से जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई है। सड़क पर जमा सड़े हुए पानी के कारण स्थानीय लोगों का जीवन प्रभावित हो गया है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है, जिन्हें रोजाना गंदे पानी के बीच से होकर स्कूल जाना पड़ता है।
लंबे समय से जमा पानी से इलाके में बदबू फैल रही है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार नगर पालिका प्रशासन से शिकायत की, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।
टेंडर के बाद भी काम शुरू नहीं
नागरिकों का आरोप है कि नाला एवं सड़क निर्माण का टेंडर हुए एक महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन मौके पर अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। हर बार नगर पालिका की ओर से केवल टेंडर होने की बात कहकर मामला टाल दिया जाता है।
आंदोलन की चेतावनी
पालिका की लापरवाही से नाराज स्थानीय लोगों में रोष है। उनका कहना है कि यदि जल्द जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
