उझानी -भाकियू चढूनी ने डीएम को भेजा चार सूत्रीय ज्ञापन, शिव भक्तों की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता
उझानी-बदांयू 2 अगस्त।
सावन माह में कांवड़ यात्रा को लेकर भारतीय किसान यूनियन चढूनी ने रविवार को आपात बैठक कर जिलाधिकारी को चार सूत्रीय ज्ञापन भेजा। संगठन ने मांग की कि उझानी नगर में शिव भक्तों के आवागमन के मार्ग को तत्काल दुरुस्त किया जाए।
भाकियू चढूनी के प्रदेश सचिव आसिम उमर के आवास पर हुई बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि मंडी समिति से कल्याण सिंह चौक तक सड़क का चौड़ीकरण कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है। इस कारण कई नागरिक हादसों का शिकार हो चुके हैं। सावन में इसी मार्ग से लाखों शिव भक्त गुजरते हैं। ऐसे में प्रशासन को तुरंत संज्ञान लेकर सड़क ठीक करानी चाहिए। साथ ही मार्ग पर पड़ी जर्जर विद्युत लाइनों को भी दुरुस्त किया जाए।
जिला प्रभारी कृष्ण अवतार शाक्य ने कहा कि पूरा नगर अतिक्रमण की चपेट में है। लाखों कांवड़ियों के निकलने के दौरान जाम और हादसों की आशंका है। प्रशासन को कांवड़ियों की सुविधा के लिए तुरंत अतिक्रमण हटवाना होगा।
ब्लॉक उपाध्यक्ष भगवान दास ने मांग की कि मुख्य बाजार में बड़े वाहनों के लिए नो एंट्री लागू की जाए। जब तक ऐसा नहीं होगा, डाक कांवर वाले शिव भक्त जाम में फंसते रहेंगे।
बैठक में राकेश शर्मा, राजेश मथुरिया, नगर उपाध्यक्ष साजिद सैफी, धर्मवीर आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
