12:52 pm Saturday , 1 August 2026
BREAKING NEWS

बदायूं में हाईवे पर बस-कार टक्कर के बाद जमकर मारपीट, वीडियो वायरल

बदांयू 1 अगस्त।

श्रावण में कांवड़ यात्रा के चलते व्यस्त बरेली-मथुरा हाईवे पर शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब उझानी और कछला के बीच एक रोडवेज बस और ईको कार आपस में टकरा गईं। हादसे के बाद दोनों वाहनों में सवार लोग भिड़ गए और हाईवे पर जमकर मारपीट हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई। देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया। हाईवे पर मौजूद लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। इसी दौरान किसी ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर डाल दिया।

वीडियो वायरल होते ही मामला पुलिस के संज्ञान में आया। संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही हादसे के असल कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।

अधिकारियों ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि श्रावण मास में कांवड़ यात्रा की वजह से बरेली-मथुरा हाईवे पर रूट डायवर्जन लागू है। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की तैनाती भी की गई है। इसके बावजूद हाईवे पर हुई इस घटना ने सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

विज्ञापन एक्सप्रेस