5:34 pm Friday , 31 July 2026
BREAKING NEWS

हर-हर बम बम के नारों से गूंजा हाइवे, पीलीभीत के 13 कांवड़िये पैदल पहुंचे बदांयू, 11 अगस्त को गोला गोकर्णनाथ में करेंगे जलाभिषेक

बदांयू 31 जुलाई।

सावन माह शुरू होते ही शिवभक्ति का रंग पूरे क्षेत्र में दिखाई देने लगा है। “हर हर बम बम” के उद्घोष के साथ कांवड़ियों की टोलियां मंजिल की ओर बढ़ रही हैं।

बदांयू से होकर गुजर रही पीलीभीत जिले की एक कांवड़िया टोली ने शुक्रवार दोपहर श्रद्धालुओं का ध्यान खींचा। पीलीभीत के विभिन्न गांवों के 13 कांवड़िये गंगा जल से भरे भारी-भरकम कलश लेकर कछला गंगा घाट से पैदल चलकर बदांयू पहुंचे। टोली का लक्ष्य प्रसिद्ध तीर्थस्थल गोला गोकर्णनाथ में 11 अगस्त को जलाभिषेक करना है।

टोली के सदस्यों ने बताया कि वे 30 जुलाई को कछला से कलश रूपी कांवड़ लेकर रवाना हुए थे। इस बार की कांवड़ खास है – 13 कांवड़ियों के पास कुल 54 कलश हैं। एक कांवड़ में 8 कलशों में 101 लीटर और दूसरी में 121 लीटर गंगाजल रखा गया है। इस तरह कुल 222 लीटर पवित्र जल गोला गोकर्णनाथ के शिवलिंग पर चढ़ाया जाएगा।

टोली में शामिल विनय, हिमांशु, रिंकू, गौरव, सोनू, दुष्यंत, आकाश और कुलदीप ने बताया, शरीर थक जाता है, पैरों में छाले पड़ जाते हैं, लेकिन भोले की भक्ति के आगे सारा कष्ट छोटा लगने लगता है। कहा हम आगे भी पैदल ही जाएंगे।

शुक्रवार दोपहर 3 बजे टोली जब बदांयू के बरेली मथुरा हाइवे से गुजरी तो स्थानीय लोगों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। राहगीर भी बम बम भोले के जयकारे लगाने लगे। कांवड़ियों के चेहरे पर थकान नहीं, बल्कि शिवभक्ति का तेज साफ दिखाई दे रहा था।

गोला गोकर्णनाथ को “छोटी काशी” भी कहा जाता है। मान्यता है कि यहां जलाभिषेक करने से मनोकामनाएं पूरी होती हैं। टोली 11 अगस्त को मंदिर पहुंचकर गंगाजल से रुद्राभिषेक करेगी।

सावन में इस तरह की आस्था की टोलियां न सिर्फ धार्मिक माहौल बनाती हैं, बल्कि सेवा और समर्पण का संदेश भी देती हैं।

विज्ञापन एक्सप्रेस