6:15 pm Thursday , 30 July 2026
BREAKING NEWS

कांवड़ यात्रा को लेकर यातायात डायवर्जन प्लान जारी, 28 अगस्त तक रहेगी विशेष व्यवस्था

बदायूं: 30 जुलाई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जानकारी देते हुए बताया कि श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जनपद में 30 जुलाई, 2026 से 28 अगस्त, 2026 तक विशेष यातायात डायवर्जन प्लान लागू रहेगा।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक शुक्रवार सायं 8ः00 बजे से सोमवार सायं 8ः00 बजे तक तथा महाशिवरात्रि के अवसर पर 11 अगस्त को रात्रि 8ः00 बजे तक डायवर्जन व्यवस्था प्रभावी रहेगी। इस दौरान फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, संभल, आगरा, अलीगढ़, कासगंज एवं अन्य जनपदों की ओर जाने वाले भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं, जबकि हल्के एवं मध्यम वाहनों का संचालन भी निर्धारित मार्गों से कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रथम सोमवार 03 अगस्त, द्वितीय सोमवार 10 अगस्त, महाशिवरात्रि 11 अगस्त, तृतीय सोमवार 17 अगस्त तथा चतुर्थ सोमवार 24 अगस्त, 2026 के अवसर पर लागू रहेगी।
उन्होंने बताया कि डायवर्जन व्यवस्था के प्रभावी संचालन के लिए जनपद के प्रमुख चौराहों एवं तिराहों पर थाना पुलिस एवं यातायात पुलिस की तैनाती की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर कांवड़ियों की संख्या एवं यातायात की स्थिति के अनुसार डायवर्जन व्यवस्था में संशोधन भी किया जा सकेगा।
उन्होंने वाहन चालकों एवं आमजन से अपील की कि यात्रा के दौरान जारी यातायात सम्बंधी आदेशों का पालन करें तथा पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, जिससे कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।

विज्ञापन एक्सप्रेस