6:37 pm Thursday , 30 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी: हाईवे पर धमाके के साथ जली ई-स्कूटी, शॉर्ट सर्किट से लगी आग, युवक घायल

उझानी-बदांयू 30 जुलाई ।

बरेली-मथुरा हाईवे पर बृहस्पतिवार दोपहर शॉर्ट सर्किट के कारण एक ई-स्कूटी में अचानक आग लग गई। धमाके की चपेट में आने से स्कूटी सवार युवक घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड ने करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना सिविल लाइन क्षेत्र के नवादा निवासी ईशू पुत्र कृष्ण कुमार भारद्वाज दोपहर को अपनी ई-स्कूटी से उझानी से बदायूँ जा रहे थे। जैसे ही वह कोतवाली उझानी क्षेत्र के सहसवान रोड स्थित अंबेडकर चौराहे पर पहुंचे, स्कूटी से धुआँ निकलने लगा।

धुएँ की गंध आते ही ईशू ने सतर्कता दिखाते हुए स्कूटी को सड़क किनारे खड़ी कर जांच करने की कोशिश की। इसी दौरान स्कूटी में जोरदार धमाका हुआ और वह उसकी चपेट में आकर घायल हो गया।

धमाके की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर जमा हो गए। घायल युवक से बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। भीड़ में शामिल एक व्यक्ति ने तुरंत डायल 112 और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

पुलिस टीम मौके पर सबसे पहले पहुंची। पुलिसकर्मियों ने नागरिकों के अग्निशामक यंत्रों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। घटना के करीब 20 मिनट बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची और कर्मियों ने पानी की बौछार कर जलती ई-स्कूटी की आग को पूरी तरह बुझाया।

कॉन्स्टेबल हिमांशु और रमन ने रस्सी की मदद से जली हुई ई-स्कूटी को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कराया।

फिलहाल घायल युवक की स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं मिल सकी है।

विज्ञापन एक्सप्रेस