महिला सशक्तिकरण की मिसाल बनी इनफिनिटी लाइफ स्टाइल प्रदर्शनी, देशभर की महिला उद्यमियों ने दिखाया हुनर
बदायूं- तीज, रक्षाबंधन एवं आगामी त्योहारों के अवसर पर महिलाओं के सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इनफिनिटी लाइफ स्टाइल के तत्वावधान में नगर के आर.के. रिसोर्ट में भव्य प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक चली इस प्रदर्शनी में बदायूं सहित खटीमा, मुरादाबाद, हल्द्वानी, लखनऊ, दिल्ली, बरेली, कानपुर, हाथरस, पीलीभीत और मेरठ से आई महिला उद्यमियों ने अपने स्टॉल लगाए।
प्रदर्शनी में सजावटी सामान, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, परिधान, शूज, पर्स, हस्तशिल्प, होम डेकोर, पॉट्स तथा स्वनिर्मित खाद्य पदार्थों सहित दैनिक उपयोग की अनेक वस्तुओं का प्रदर्शन एवं बिक्री की गई। उचित मूल्य पर उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद मिलने से बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने खरीदारी की और आयोजन की सराहना की।
प्रदर्शनी का उद्घाटन नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती फात्मा रज़ा ने किया। उन्होंने महिलाओं के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन महिला उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान करते हैं और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देते हैं।
आयोजक रिचा अशेष एवं ज्योति शर्मा ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिन्ह भेंटकर स्वागत किया। इस अवसर पर फ्लोरेंस नाइटिंगेल स्कूल की निदेशक सरला स्वरूप तथा हरसहाय श्यामलाल ज्वेलर्स की निदेशक श्रीमती उमा सूर्य प्रकाश विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
आयोजक रिचा अशेष ने बताया कि प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को एक सशक्त व्यवसायी बनाकर उनकी आत्मनिर्भरता को बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि यह मंच कामकाजी एवं स्वरोजगार से जुड़ी महिलाओं के लिए अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने और नए ग्राहकों तक पहुंचने का बेहतर अवसर है।
महिला उद्यमी विनीता सोलंकी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन महिलाओं में आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का संचार करते हैं, वहीं ग्राहकों को एक ही स्थान पर उच्च गुणवत्ता के उत्पाद उचित मूल्य पर उपलब्ध हो जाते हैं। रीमा मिगलानी ने कहा कि हस्तशिल्प और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए यह प्रदर्शनी एक सशक्त मंच है।
प्रदर्शनी में रीतिका गुप्ता, किमी रस्तोगी, दीप्ति कटारिया, नितिका अग्रवाल, नम्रता रस्तोगी, नीति शर्मा, सिमरन नारंग सहित 40 से अधिक महिला उद्यमियों ने विभिन्न उत्पादों के स्टॉल लगाए और अपने उत्कृष्ट उत्पादों से ग्राहकों का विश्वास जीता। पूरे दिन प्रदर्शनी में महिलाओं और परिवारों की अच्छी खासी भीड़ रही तथा आयोजन महिला सशक्तिकरण और ‘आत्मनिर्भर भारत’ की भावना को सशक्त करने वाला साबित हुआ।












badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
