3:56 pm Tuesday , 28 July 2026
BREAKING NEWS

खंडुआ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में जलभराव, गंदे पानी से होकर गुजरने को मजबूर मरीज

बदायूं। जनपद के खंडुआ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में जलभराव के कारण मरीजों और उनके तीमारदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल परिसर में गंदा और बदबूदार पानी भरा होने से स्वास्थ्य केंद्र आने-जाने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

हालात यह हैं कि स्वास्थ्य केंद्र पर दवा लेने और उपचार कराने पहुंचने वाले मरीजों को घुटनों तक भरे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को हो रही है।

स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने वाले केंद्र के परिसर में ही गंदा पानी जमा रहने से साफ-सफाई और जल निकासी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। बदबूदार पानी के बीच से गुजरकर अस्पताल पहुंचना मरीजों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है।

स्थानीय लोगों और मरीजों की मांग है कि स्वास्थ्य केंद्र परिसर से जल निकासी की तत्काल व्यवस्था कराई जाए तथा साफ-सफाई कराकर समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि इलाज और दवा के लिए आने वाले लोगों को परेशानी न उठानी पड़े।

विज्ञापन एक्सप्रेस