20 घंटे बाद भी 12वीं का छात्र लापता, परिजनों की बढ़ी बेचैनी
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, सूचना देने वालों से की अपील
सहसवान (बदायूं)। सहसवान कोतवाली क्षेत्र से एक 17 वर्षीय छात्र के लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के लगभग 20 घंटे बीत जाने के बाद भी छात्र का कोई सुराग नहीं लग सका, जिससे परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। पुलिस और परिवारजन छात्र की तलाश में जुटे हैं तथा आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संजय पुत्र सोमेंद्र नाथ, निवासी मोहल्ला बजरिया, थाना सहसवान द्वारा कोतवाली पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि उनका भतीजा अनिकेत पुत्र आकाश (17 वर्ष) एपीएस इंटरनेशनल स्कूल, उझानी में कक्षा 12 (कला वर्ग) का छात्र है।
बताया गया कि 27 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 2 बजे अनिकेत स्कूल बस से लौट रहा था। इसी दौरान उसने बस चालक से जिद कर अकबराबाद चौराहे पर उतरने की बात कही और वहीं उतर गया। घर पहुंचने पर उसकी चचेरी बहन परी पुत्री अमित ने परिजनों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद से अनिकेत घर नहीं पहुंचा।
परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन छात्र का कोई पता नहीं चल सका। मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस और परिवारजन लगातार तलाश में जुटे हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी थी।
पुलिस और परिजनों ने आमजन से अपील की है कि यदि छात्र कहीं दिखाई दे या उसके संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल सहसवान कोतवाली पुलिस के सीयूजी नंबर 9454402947 या परिजनों के मोबाइल नंबर 9458772136 पर सूचना दें।
रिपोर्ट : रविशंकर
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
