10:18 am Tuesday , 4 August 2026
BREAKING NEWS

बदायूं में गंगा फिर बढ़ रही, 36 गांवों पर बाढ़ का खतरा, प्रशासन अलर्ट

बदायूं में गंगा फिर बढ़ रही, 36 गांवों पर बाढ़ का खतरा, प्रशासन अलर्ट।

बदायूं 4 अगस्त।

जिले में गंगा का उफान एक बार फिर चिंता बढ़ा रहा है। पहाड़ों पर लगातार बारिश और डैम से पानी छोड़े जाने के कारण पिछले 24 घंटे में गंगा के जलस्तर में 2 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कछला घाट पर मीटर गेज के अनुसार जलस्तर लगातार ऊपर जा रहा है।

बाढ़ खंड के अधिकारियों के मुताबिक हरिद्वार, बिजनौर और नरौरा डैम से लगातार डिस्चार्ज हो रहा है। यदि यही रफ्तार रही तो अगले कुछ दिनों में जिले के 36 गांवों में बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है।

प्रशासन ने बढ़ाई निगरानी
सदर, दातागंज और सहसवान तहसील प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है।
जिलाधिकारी अवनीश राय ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी के निर्देश दिए हैं और कहा है कि ग्रामीणों को किसी तरह की दिक्कत न होने पाए।
बाढ़ खंड की टीमें तटबंधों पर पेट्रोलिंग कर रही हैं। राजस्व विभाग के अधिकारी गांवों में बैठक कर लोगों को सावधानी बरतने के प्रति जागरूक कर रहे हैं ।

पहले भी रह चुका है खतरा
पिछले सालों में भी बदायूं में गंगा कई बार खतरे के निशान से ऊपर बह चुकी है।
एक बार जलस्तर खतरे के निशान से 52 सेमी ऊपर पहुंच गया था, जिससे दातागंज और सहसवान के कई गांवों में पानी घुस गया और सड़क संपर्क टूट गया था।
सहसवान के वीर सहाय नगला, बसौलिया, परशुराम नगला, खागी नगला और दातागंज के अहमदनगर बछौरा, जटा, रैपुरा जैसे गांव प्रभावित हुए थे
उसहैत क्षेत्र के जटा, प्रेमी नगला और ठकुरी नगला को खाली कराने की तैयारी भी पहले की जा चुकी है ।

क्या कह रहे अधिकारी
बाढ़ खंड एक्सईएन ने बताया कि पहाड़ों पर बारिश के बाद बिजनौर, हरिद्वार, नरौरा से पानी बढ़ाकर छोड़ा जा रहा है, इसलिए आने वाले दिनों में और जलवृद्धि होगी। प्रशासन ने अपील की है कि लोग अफवाहों पर ध्यान न दें और नदी किनारे अनावश्यक न जाएं।

फिलहाल तटबंध सुरक्षित बताए जा रहे हैं, लेकिन स्थिति पर हर घंटे नजर रखी जा रही है। यदि जलस्तर और बढ़ा तो राहत और बचाव दल तुरंत एक्टिव किए जाएंगे।

विज्ञापन एक्सप्रेस