।
बिल्सी बदांयू 3 अगस्त।
बिल्सी तहसील के अगोल गांव में रविवार रात एक दुर्लभ प्रजाति का कछुआ मिलने के बाद गांव में हड़कंप मच गया। कछुए की पीठ पर अंग्रेजी के अक्षर बने होने की चर्चा के बाद इसे देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर वन विभाग और प्रशासनिक अधिकारी भी सक्रिय हो गए हैं।
गांव निवासी वीरू पुत्र ओमपाल के मुताबिक, वह रात में खेतों में फसल की रखवाली के लिए जा रहे थे। इसी दौरान घर के पास उन्हें एक कछुआ रेंगता हुआ दिखाई दिया। वीरू ने बताया कि कछुए की पीठ पर कुछ निशान बने हुए थे। उन्होंने कछुए को सुरक्षित अपने घर ले जाकर रख लिया।
सोमवार सुबह जब ग्रामीणों को पता चला कि कछुए की पीठ पर अंग्रेजी के अक्षर हैं, तो यह खबर जंगल की आग की तरह फैल गई। देखते ही देखते वीरू के घर के बाहर लोगों की भीड़ लग गई। हर कोई कछुए को करीब से देखने की जिद कर रहा था।
मामले की जानकारी मिलने पर वन विभाग अधिकारी विजय सिंह ने बताया कि टीम को मौके पर भेजा जा रहा है। टीम कछुए की प्रजाति और पीठ पर बने निशानों की जांच करेगी। इसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारी ने बताया कि फिलहाल कछुआ सुरक्षित है। टीम के पहुंचने के बाद उसकी सही प्रजाति की पहचान कर उसे उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जाएगा। वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कछुओं का शिकार और व्यापार प्रतिबंधित है, इसलिए विभाग इस मामले को गंभीरता से ले रहा है।
फिलहाल पूरे गांव में कछुए को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। ग्रामीण इसे शुभ संकेत भी मान रहे हैं।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
