।
भोर से ही मंदिरों में लगी लंबी कतारें, बोल बम से गूंजे शिवालय।
उझानी-बदांयू 3 अगस्त।
सावन माह के पहले सोमवार को उझानी के शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह 5 बजे मंदिरों के कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं ने ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक शुरू कर दिया।
पौराणिक बुर्रा फरीदपुर के शिव मंदिर, साहूकारा के गौरीशंकर मंदिर, पुरानी अनाज मंडी के शिव मंदिर और बडे महादेव मंदिर, भूतेश्वर नाथ मंदिर के बाहर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की लंबी कतारें लग गईं। कई श्रद्धालु मंदिर परिसर में ही भजन-कीर्तन करते रहे।
भक्तों ने गंगाजल, दूध, दही, शहद और बेलपत्र से शिवलिंग का अभिषेक किया। सुख-समृद्धि, अच्छी बारिश और परिवार की खुशहाली के लिए विशेष पूजा-अर्चना की गई। मंदिरों में रुद्राभिषेक और हवन का भी आयोजन हुआ।
बुर्रा फरीदपुर के शिव मंदिर पर उझानी के अलावा कछला, सहित आसपास के गांवों से सैकड़ों की संख्या में लोग पैदल और वाहनों से दर्शन को पहुंचे। कई युवाओं ने कंधे पर कांवड़ रखकर गंगाजल लाकर शिवलिंग पर चढ़ाया।
स्थानीय निवासी राकेश शर्मा ने बताया-सावन का पहला सोमवार हमारे लिए बहुत खास होता है। हर साल परिवार के साथ आकर बाबा का जलाभिषेक करते हैं।
भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने मंदिर मार्गों पर बैरिकेडिंग, सीसीटीवी और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया था। मंदिर समितियों ने पेयजल और प्रसाद वितरण की व्यवस्था की।
शिव मंदिर के पुजारी पं. दिनेश चंद्र पाठक ने कहा, सावन में हर सोमवार को इसी तरह भक्तों की भीड़ रहेगी। प्रशासन के सहयोग से व्यवस्था सुचारू रूप से चल रही है। सावन के इस पहले सोमवार ने उझानी को पूरी तरह शिवमय कर दिया।
राजेश वार्ष्णेय एमके।



badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
