4:19 pm Monday , 3 August 2026
BREAKING NEWS

गड्ढा मुक्त” का ढोल पीटा, उझानी में सड़क ही गायब! 5 साल से कीचड़ में तैर रहा नरऊ मार्ग

“गड्ढा मुक्त” का ढोल पीटा, उझानी में सड़क ही गायब! 5 साल से कीचड़ में तैर रहा नरऊ मार्ग।

उझानी-बदांयू 3 अगस्त।

सरकार कहती है “गड्ढा मुक्त उत्तर प्रदेश”। लेकिन उझानी की हकीकत कुछ और ही चीख-चीख कर बता रही है।

उझानी से नरऊ जाने वाली सड़क मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी “गड्ढा मुक्त सड़क योजना” के मुंह पर तमाचा है। उझानी -कादर चौक मार्ग से जैसे ही आप दाहिने मुड़ेंगे, डामर नहीं… पानी, कीचड़ और मौत को दावत देते गड्ढे आपका इंतजार कर रहे होंगे।

पिछले 5 साल से इस सड़क का यही हाल है। बरसात आते ही ये सड़क नहीं, नाला बन जाती है। बाइक वाले औंधे मुंह गिर रहे हैं, साइकिल वाले चोटिल हो रहे हैं, और ई-रिक्शा तो मानो यहां फंसने के लिए ही बने हैं। ऊपर से बगल में बन रहा अधूरा हाइवे आग में घी का काम कर रहा है। उसका सारा पानी सीधा इसी सड़क पर आकर इसे और दलदल बना देता है।

नेताओं के कानों तक आवाज नहीं पहुंची,
गांव वाले थक हार चुके हैं। एसडीएम से लेकर डीएम तक, ब्लॉक से लेकर तहसील तक… हर जगह फरियाद लगाई। ज्ञापन दिए, गुहार लगाई। लेकिन नतीजा? सिफर।
एक ग्रामीण ने गुस्से में कहा – कागजों में सड़कें चमक रही हैं साहब, और जमीन पर हम कीचड़ में डूब रहे हैं।

तस्वीर खुद गवाही दे रही है। चारों तरफ हरियाली, बीच में भरा हुआ गंदा पानी। न डामर दिख रहा है, न गिट्टी। ये सड़क नहीं, ग्रामीणों के सब्र का इम्तिहान है।

सरकार से सवाल सीधा है: जब एक विधानसभा क्षेत्र की ये हालत है, तो “गड्ढा मुक्त” का नारा कितना खोखला है? क्या अब भी किसी बड़े हादसे का इंतजार है?

राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस