5:23 pm Monday , 3 August 2026
BREAKING NEWS

उझानी: आस्था की राह में कीचड़, माता संतोषी कृपा मंदिर के पास जलभराव से कांवड़िये परेशान

सरकार के दावों की खुली पोल, नवीन मंडी गेट पर गड्ढों में भरा गंदा पानी।

उझानी-बदांयू 3 अगस्त।

कांवड़ यात्रा को लेकर प्रदेश सरकार भले ही बड़े-बड़े दावे कर रही हो, लेकिन धरातल पर हकीकत कुछ और ही है। उझानी के कछला रोड स्थित माता संतोषी कृपा मंदिर के पास कांवड़ मार्ग की हालत सबसे बदतर है।

नवीन मंडी गेट से मंदिर तक जाने वाली मुख्य सड़क पर कई जगह गहरे गड्ढे हैं और उनमें गंदा पानी भरा हुआ है। इस कारण कछला से जल लेकर लौट रहे शिवभक्तों को पवित्र कांवड़ के साथ कीचड़ और दुर्गंध से होकर गुजरना पड़ रहा है।

सड़क पर भरे पानी के कारण गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे। रोजाना सैकड़ों कांवड़िये इसी रास्ते से गुजरते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी भी समय कोई कांवड़िया फिसलकर घायल हो सकता है।

स्थानीय व्यापारी राकेश गुप्ता ने बताया, “मंदिर के सामने ही ये हाल है। सरकार ने कहा था मार्ग गड्ढामुक्त होगा, पर यहां तो 15 दिन से यही हाल है। न जल निकासी है न मरम्मत।

कांवड़ियों के साथ आ रही महिलाओं और बच्चों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है। जलभराव के कारण सड़क पर बदबू और मच्छर भी बढ़ गए हैं। श्रद्धालुओं ने कहा कि पवित्र यात्रा के दौरान इस तरह की गंदगी से धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं।

नगर के लोगों ने जिला प्रशासन व लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि
मंदिर गेट से तुरंत जल निकासी कराई जाए।
गड्ढों को पाटकर सड़क को दुरुस्त किया जाए।
मंदिर परिसर के आसपास साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था हो।

फिलहाल जिम्मेदार अधिकारी इस मामले पर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।

विज्ञापन एक्सप्रेस