बदायूं। स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत राजकीय महिला महाविद्यालय, बदायूं में शनिवार को राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में ‘स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत’ विषय पर हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। अभियान में महाविद्यालय के प्राध्यापकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों और छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं एवं समस्त स्टाफ ने हस्ताक्षर कर स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की तथा अपने आसपास के परिवेश, महाविद्यालय परिसर तथा समाज और देश को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाने का संकल्प लिया। महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. मनोज कुमार ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक के सामूहिक प्रयास से ही स्वच्छ और स्वस्थ भारत का निर्माण संभव है। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ऋषभ भारद्वाज ने छात्राओं को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने तथा अन्य लोगों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से छात्राओं में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और सामाजिक सहभागिता की भावना विकसित करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में अर्थशास्त्र विभाग प्रभारी डॉ. अर्चना पाण्डेय, वनस्पति विज्ञान प्रभारी डॉ वेद प्रकाश, रसायनशास्त्र प्रभारी डॉ बृजेश कुमार, गृहविज्ञान प्रभारी डॉ. भावना सिंह, श्री सीता राम, श्री रोहित कुमार सहित 68 छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

