सिगोई में बिजली आपूर्ति को लेकर दो गुट आमने-सामने, जेई के समर्थन में उतरे ग्रामीण
कुंवरगांव संवाददाता
कुंवरगांव (बदायूं)। थाना कुंवरगांव क्षेत्र के ग्राम सिगोई में करीब एक माह पहले आई तेज आंधी के दौरान बिजली की लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके चलते गांव में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। बिजली न मिलने से नलकूप भी बंद हो गए थे और किसानों की फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही थी।
इसी दौरान पूर्व राज्यमंत्री एवं विधायक महेश चंद्र गुप्ता जनसमस्याएं सुनने गांव पहुंचे थे। तभी ग्रामीणों ने उनके सामने बिजली आपूर्ति की समस्या रखी। समस्या को देखते हुए विधायक ने विद्युत विभाग के जेई चिरौंजी लाल से वैकल्पिक व्यवस्था करने को कहा था।
जेई चिरौंजी लाल ने वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए बिजली की लाइन को नलकूप की लाइन से जोड़ दिया, जिससे नलकूपों की विद्युत आपूर्ति शुरू हो गई और किसानों को राहत मिली।
अब इसी मामले को लेकर राजनीतिक गुटबंदी सामने आ रही है। गांव का एक गुट जेई की शिकायत कर रहा है, जबकि दूसरा गुट जेई के समर्थन में खड़ा हो गया है। जेई के समर्थन में आए ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने विधायक के निर्देश और ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था की थी, इसमें जेई की कोई गलती नहीं है।
ग्रामीणों ने कहा कि यदि जेई के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की जाती है तो वे इसका विरोध करेंगे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा और जिलाधिकारी से मिलकर मामले की शिकायत की जाएगी।
फिलहाल बिजली आपूर्ति को लेकर गांव में दो गुटों के आमने-सामने आने से मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

