6:54 pm Saturday , 8 August 2026
BREAKING NEWS

गंगा की लहरें मचा रही तबाही- कटान से कई बीघा जमीन नदी में समाई, स्कूल-ट्रांसफार्मर भी गंगा में विलीन

बदांयू 8 अगस्त।

बाढ़ की दृष्टि से अति संवेदनशील उसहैत क्षेत्र में गंगा नदी ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। जलस्तर बढ़ने से शनिवार को तेज लहरों के कारण कदम नगला गांव में भू-कटान अचानक तेज हो गया। कटान के कारण नदी लगातार गांव की ओर बढ़ रही है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

शनिवार को हुई कटान में गांव का ट्रांसफार्मर, दो बिजली के खंभे और एक प्राथमिक विद्यालय की दीवार गंगा में समा गई। ग्राम प्रधान राकेश कश्यप ने बताया कि आठ दिन पहले ही पूर्व माध्यमिक विद्यालय को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कर दिया गया था। उसमें करीब 80 बच्चे पढ़ते थे, जो अब दलनगला के प्राथमिक विद्यालय में पढ़ाई कर रहे हैं। शनिवार को गांव का प्राथमिक विद्यालय भी नदी में समाहित हो गया।

प्रसाशन ने गांव के 70 परिवारों को नए गांव बल्ले नगला में भेज दिया है। अभी भी लगभग 30 परिवार गांव में रह रहे है।कटान से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। कदम नगला के दर्जनों किसानों की जमीन नदी में कट चुकी है। कटान के कारण रैपुरा और सिथौली खाम गांवों में भी भू-कटान तेज हो गया है।

नरौरा बैराज से शनिवार सुबह 1,72,228 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इसके देर शाम तक बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचने की आशंका है। कछला पर गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से 0.14 सेंटीमीटर नीचे बह रहा है। अधिकारियों को आशंका है कि यह देर शाम तक खतरे का निशान पार कर जाएगा। अटैना क्षेत्र के आसपास के गांवों की सड़कों पर भी पानी भरने की संभावना जताई जा रही है।

ग्रामीणों का आरोप है कि राजस्व और बाढ़ खंड के अधिकारी गांव का दौरा कर चुके हैं, लेकिन अब तक किसी प्रकार की राहत नहीं दी गई है। गांव को कटान से बचाने के लिए कोई ठोस प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने कहा कि उन्हें उनके हाल पर छोड़ दिया गया है और किसी भी जनप्रतिनिधि ने अब तक गांव का दौरा नहीं किया है।

विज्ञापन एक्सप्रेस