बदायूं
शादी कराने के नाम पर 80 हजार रुपये और जेवर हड़पने का आरोप, महिला ने दामाद समेत तीन के खिलाफ मुख्यमंत्री से लगाई गुहार
केशव गुप्ता
बदायूं/उसहैत। उसहैत क्षेत्र में एक महिला ने अपने दामाद समेत तीन लोगों पर बेटे की शादी कराने के नाम पर 80 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण हड़पने का आरोप लगाया है। महिला ने मामले में मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और अपनी रकम व जेवरात वापस दिलाने की मांग की है।
गढ़िया हरदोपट्टी निवासी कुंती देवी ने शिकायत में नौली फतुहाबाद निवासी अपने दामाद रूपेश, कासगंज के नगला बहलू निवासी संगीता पत्नी बंटी गुप्ता तथा कुशीनगर के ग्राम नबे खिरकिया निवासी कमल मिस्त्री को नामजद किया है।
महिला के मुताबिक, तीनों आरोपियों ने उसके बेटे अंकित गुप्ता की शादी कराने का भरोसा देकर उससे 80 हजार रुपये लिए थे। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने कमल मिस्त्री की मदद से अंकित की शादी पूनम नाम की युवती से एक गांव में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार कराई थी। यह गांव कमल मिस्त्री के निवास स्थान से करीब 10 किलोमीटर दूर बताया गया है।
कुंती देवी का आरोप है कि शादी के बाद उसकी पुत्रवधू पूनम अपनी बड़ी बहन चुलबुली के साथ गढ़िया हरदोपट्टी स्थित उसके घर आई थी। आरोप है कि शादी के करीब एक सप्ताह बाद चुलबुली, पूनम को अपने साथ लेकर चली गई और दोनों अपने साथ घर में रखे करीब तीन ग्राम सोने का पेंडल मंगलसूत्र, दो ग्राम सोने के कुंडल और करीब 250 ग्राम चांदी की पायल भी ले गईं।
महिला का आरोप है कि इस पूरे मामले में उसके दामाद समेत तीनों लोगों की भूमिका रही। कुंती देवी के अनुसार, बाद में रिश्तेदारों की मौजूदगी में दामाद रूपेश ने शादी के नाम पर ली गई रकम और आभूषण वापस करने की बात भी कही थी। महिला ने बातचीत से संबंधित वीडियो, फोटो और ऑडियो रिकॉर्डिंग होने का दावा किया है।
कुंती देवी ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत कर रूपेश, संगीता और कमल मिस्त्री के खिलाफ जांच कर कार्रवाई करने, साथ ही शादी के नाम पर लिए गए 80 हजार रुपये और सोने-चांदी के आभूषण बरामद कराए जाने की मांग की है।
हालांकि, लगाए गए आरोपों की पुलिस स्तर से पुष्टि नहीं हुई है। शिकायत के आधार पर मामले की जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

