बदायूं
खेतों से स्टार्टर-कैबिल चोरी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी का माल और बाइक बरामद
केशव गुप्ता
वजीरगंज। थाना वजीरगंज पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खेतों से स्टार्टर और केबिल चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान, घटना में प्रयुक्त औजार और एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, 05 अगस्त की रात ग्राम पेंपल, इटौआ और वरीपुरा के खेतों से स्टार्टर व केबिल चोरी किए गए थे। रविवार को थाना वजीरगंज पुलिस संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपी मोटरसाइकिल से करेंगी स्टेशन की ओर आने वाले हैं।
सूचना पर पुलिस ने ग्राम गरगईया जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम साजिद पुत्र शाहिद और जुनैद पुत्र फिरासत, निवासी ग्राम मौहम्मद गंज, थाना बनियाठेर, जनपद संभल बताए।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक स्टार्टर, दो बंडल केबिल, एक प्लास, एक पेचकस, एक हथौड़ी और एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की। बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को आवश्यक कार्रवाई के बाद 09 अगस्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संदीप कुमार गुप्ता, हेड कांस्टेबल 909 वीर सिंह और कांस्टेबल 870 अवधेश कुमार शामिल रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

