9:48 am Sunday , 9 August 2026
BREAKING NEWS

कांवड़ यात्रा को लेकर डीएम-एसएसपी ने कछला घाट का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था परखी

बदायूं

कांवड़ यात्रा को लेकर डीएम-एसएसपी ने कछला घाट का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था परखी

केशव गुप्ता

‘जीरो इंसिडेंट, जीरो एक्सीडेंट’ के लक्ष्य के साथ अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता
बदायूं। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इसी क्रम में जिलाधिकारी बदायूँ अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने कछला गंगा घाट समेत कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने कछला गंगा घाट पर नौकायन कर घाट क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन से जुड़ी व्यवस्थाओं को परखा तथा संबंधित विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी कर ली जाएं, ताकि कांवड़ियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
डीएम-एसएसपी ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर सड़क, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, अस्थायी शौचालय, चिकित्सा सहायता केंद्र, एंबुलेंस, विद्युत आपूर्ति, पार्किंग, विश्राम स्थल, सीसीटीवी कैमरों और यातायात प्रबंधन समेत तमाम व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि व्यवस्थाओं का लगातार निरीक्षण करते रहें और जहां भी कोई कमी दिखाई दे, उसे तत्काल दूर कराया जाए।
एसएसपी अंकिता शर्मा ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद और सतर्क रखी जाए। यात्रा मार्ग, प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थानों और कछला गंगा घाट पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है। प्रत्येक ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस एवं प्रशासन के साथ सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाए रखें और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करें।
प्रशासन की ओर से कांवड़ यात्रा को लेकर “Zero Incident, Zero Accident” के लक्ष्य के साथ तैयारियां की जा रही हैं। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस