9:48 am Sunday , 9 August 2026
BREAKING NEWS

कछला जल भरने जा रहे कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, दो श्रद्धालु घायल

बदायूं

कछला जल भरने जा रहे कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, दो श्रद्धालु घायल

केशव गुप्ता

बालाजी मंदिर के पास हुआ हादसा, डीएम व एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा; घायलों का मेडिकल कॉलेज में चल रहा उपचार
बदायूँ। थाना सिविल लाइन क्षेत्र में शनिवार देर रात कछला गंगा घाट से जल भरने जा रहे कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो कांवड़ियों को मामूली चोटें आईं। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूँ में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार थाना दातागंज क्षेत्र के ग्राम डहरपुर खुर्द निवासी करीब 12 लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली से कछला गंगा घाट जल भरने जा रहे थे। इसी दौरान सिविल लाइन थाना क्षेत्र में बालाजी मंदिर के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
चिकित्सकों के अनुसार दोनों घायलों को मामूली चोटें आई हैं और उनका उपचार जारी है। किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई है।
घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी बदायूँ श्री अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ सुश्री अंकिता शर्मा ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने पुलिस एवं संबंधित अधिकारियों से घटना की जानकारी लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर श्री अभिषेक कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी नगर बदायूँ श्री राहुल पाण्डेय भी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मार्ग पर सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए।

विज्ञापन एक्सप्रेस