बदायूं
बाढ़ प्रभावित 352 परिवारों को विधायक बब्बू भैया ने बांटी राहत किट, प्रशासन ने स्वच्छता और शुद्ध पेयजल को लेकर किया जागरूक
केशव गुप्ता
उसावां। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर विकासखंड उसावां के ग्राम जटा (मझरा खेड़ा जलालपुर खाम) में बाढ़ प्रभावित परिवारों की मदद के लिए निःशुल्क बाढ़ राहत सामग्री वितरण कैंप आयोजित किया गया। कैंप में दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह उर्फ बब्बू भैया ने बाढ़ से प्रभावित 352 परिवारों को राहत किट वितरित की।
वितरण के दौरान जटा के 200, प्रेमी नगला के 39, ठकुरी नगला के 29 तथा जसवंत नगला के 24 परिवारों को राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई। राहत किट में जरूरत के मुताबिक खाद्य एवं गैर-खाद्य सामग्री शामिल की गई।
खाद्य सामग्री में 10 किलो आटा, 10 किलो चावल, 2 किलो अरहर दाल, 2 किलो चना, 2 किलो भुना चना, 1 किलो नमक, 1 लीटर खाद्य तेल, मसाले और 200 ग्राम चीनी दी गई। इसके अलावा प्रत्येक परिवार को 10 किलो आलू और 2.5 किलो लड्या भी वितरित की गई।
वहीं गैर-खाद्य सामग्री में तिरपाल, मोमबत्ती, माचिस, नहाने और कपड़े धोने के साबुन, सैनिटरी पैड, डिस्पोजल बैग, 100 एमएल डेटॉल/सेवलॉन, सूती कपड़ा, तौलिया, 18 लीटर की ढक्कनदार बाल्टी और मग उपलब्ध कराए गए।
कैंप के दौरान विधायक राजीव कुमार सिंह ने बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर स्थानीय परिस्थितियों का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित लोगों को भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में सरकार और प्रशासन उनके साथ खड़ा है। कैंप में प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
प्रशासन की ओर से ग्रामीणों को बाढ़ के दौरान स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को लेकर जागरूक किया गया। लोगों से अपील की गई कि वे पानी को उबालकर अथवा क्लोरीन की गोली से शुद्ध करने के बाद ही पिएं, मच्छरदानी का प्रयोग करें और आसपास साफ-सफाई बनाए रखें।
विधायक राजीव कुमार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बाढ़ प्रभावित परिवारों की सुरक्षा और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रभावित लोगों को राहत सामग्री के साथ आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन लगातार कार्य कर रहा है।






badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

