11:44 pm Friday , 7 August 2026
BREAKING NEWS

श्रावण मास: बरेली मंडलायुक्त व डीआईजी ने कांवड़ यात्रा व्यवस्थाओं का लिया जायजा, श्रद्धालुओं को बांटे फल-प्रसाद

बदायूं

श्रावण मास: बरेली मंडलायुक्त व डीआईजी ने कांवड़ यात्रा व्यवस्थाओं का लिया जायजा, श्रद्धालुओं को बांटे फल-प्रसाद

बदायूं। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को बरेली मंडलायुक्त शंभु कुमार एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) बरेली परिक्षेत्र अजय साहनी ने बदायूं में कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कांवड़ियों को फल एवं प्रसाद वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया और यात्रा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पार्किंग स्थलों, रूट डायवर्जन, कंट्रोल रूम, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध तथा गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाएं तथा अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं हर समय सुचारु रूप से संचालित रहें, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े।
मंडलायुक्त और डीआईजी ने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। गंगा घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए तथा महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि स्नान के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था या दुर्घटना न हो और संवेदनशील स्थलों पर लगातार निगरानी रखी जाए।
अधिकारियों ने भीड़ नियंत्रण, आपातकालीन सहायता, पार्किंग प्रबंधन और यातायात संचालन की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्र एवं डीजे का प्रयोग शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही किया जाए तथा किसी भी प्रकार के अतिक्रमण, अव्यवस्था या नियमों के उल्लंघन पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाए।
सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सीसीटीवी एवं ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही असामाजिक एवं अराजक तत्वों पर विशेष नजर रखने तथा अफवाह फैलाने या शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर राहुल पाण्डेय सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस