बदायूं
बदायूं: पूर्व विधायक के बेटे पर युवती ने लगाया हत्या के प्रयास का आरोप, गला दबाकर जहर देने का दावा; जिला अस्पताल में भर्ती
केशव गुप्ता
बदायूं। जनपद के अलापुर थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है। कस्बा ककराला की रहने वाली एक युवती ने क्षेत्र के एक पूर्व विधायक के बेटे पर गला दबाकर हत्या का प्रयास करने और जबरन विषैला पदार्थ खिलाने का आरोप लगाया है। घटना के बाद युवती की हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, थाना अलापुर क्षेत्र के कस्बा ककराला वार्ड नंबर-15 निवासी राहिला खान (24) पुत्री इशाक खान ने आरोप लगाया है कि ककराला निवासी एक युवक, जो एक पूर्व विधायक का बेटा है, ने उसके साथ मारपीट की, गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया और बाद में जबरन कोई विषैला पदार्थ खिला दिया। आरोप है कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
युवती की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल बदायूं ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक युवती की हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलने के बाद जिला अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को अवगत करा दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस का कहना है कि पीड़िता के बयान, चिकित्सकीय रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। आरोपी की तलाश की जा रही है।
नोट: यह समाचार पीड़िता द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। मामले की जांच जारी है और आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
