9:09 pm Thursday , 6 August 2026
BREAKING NEWS

10 लंगूरों की अवैध तस्करी का भंडाफोड़: पुलिस-वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई, तस्कर गिरफ्तार

बदायूं

10 लंगूरों की अवैध तस्करी का भंडाफोड़: पुलिस-वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई, तस्कर गिरफ्तार

केशव गुप्ता

बदायूँ। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध एवं अवैध तस्करी विरोधी अभियान के तहत थाना कादरचौक पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 जीवित लंगूरों की अवैध तस्करी का पर्दाफाश किया है। टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 10 जीवित लंगूर और एक सुजुकी ऑल्टो कार (UP 32 JX 4583) बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, सामाजिक वानिकी विभाग के बीट प्रभारी भुवनचन्द्र बेलवाल की तहरीर पर थाना कादरचौक में मुकदमा संख्या 233/2026 के तहत वन्यजीव संरक्षण अधिनियम-1972 की धारा 9/51/52, भारतीय वन अधिनियम की धारा 41/42 तथा जैविक विविधता अधिनियम की धारा 7/55 में मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम एवं थाना कादरचौक निवासी फईम पुत्र ताहीर के घर पर कार्रवाई की। तलाशी में 10 जीवित लंगूर और तस्करी में प्रयुक्त सुजुकी ऑल्टो कार बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी इन वन्यजीवों को अवैध रूप से तस्करी कर बेचने की फिराक में था। बरामद सभी लंगूरों को वन विभाग की निगरानी में सुरक्षित संरक्षण के लिए सौंप दिया गया है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राकेश कुमार वर्मा, कांस्टेबल शिवम कुमार, कांस्टेबल अंकित कुमार, सामाजिक वानिकी विभाग के बीट प्रभारी आदित्य गंगवार तथा भुवनचन्द्र बेलवाल शामिल रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस