बदायूं
महिलाओं से कपड़ों के नाम पर ठगी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, ₹7 हजार व फेरी वाली गाड़ी बरामद
केशव गुप्ता
बदायूं। थाना उघैती पुलिस ने कपड़े बेचने के बहाने महिलाओं से पैसे लेकर बिना कपड़े दिए फरार होने वाले तीन शातिर ठगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बलेनी गाड़ी और 7 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना उघैती पुलिस ने उपनिरीक्षक अशोक कुमार वर्मा के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए थाना उघैती पर दर्ज मुकदमा संख्या 175/2026, धारा 316(2)/317(2) बीएनएस से संबंधित तीन वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई 2026 को आरोपी ग्राम करनपुर में फेरी लगाकर कपड़े बेचने पहुंचे थे। उन्होंने महिलाओं से कपड़ों के नाम पर रुपये वसूल लिए, लेकिन कपड़े दिए बिना ही उन्हें चकमा देकर मौके से फरार हो गए थे। मामले की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान शाहरुख पुत्र अय्यूब, आरिफ पुत्र यूनुस तथा सुभान पुत्र इमरान, निवासी थाना लिसाड़ी गेट, जनपद मेरठ के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बलेनी गाड़ी संख्या UP15 EM 6993 तथा 7,000 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी शाहरुख के विरुद्ध पूर्व में थाना मुरादनगर, जनपद गाजियाबाद में हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तार तीनों आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
