बदायूं
कांवड़ यात्रा को लेकर कछला गंगा घाट पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा, एएसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह ने दिए सतर्कता के निर्देश
केशव गुप्ता
बदायूं। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह ने कछला गंगा घाट का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एएसपी सिटी ने यात्रा मार्ग, प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थलों तथा कछला गंगा घाट पर तैनात पुलिस बल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों को पूरी सतर्कता, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सहायता और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि घाट और यात्रा मार्ग पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। कांवड़ यात्रा के दौरान “Zero Incident, Zero Accident” के लक्ष्य को हर हाल में पूरा करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक उझानी प्रवीण कुमार, प्रभारी निरीक्षक एसडीआरएफ हरवीर सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
